कुछ इधर-उधर की.. लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कुछ इधर-उधर की.. लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 9 जून 2010

भविष्य बहुत उज्ज्वल है, चच्चा !! [एक नेता की कहानी, उसी की जुबानी]

रामलुभाया चच्चा, प्रणाम ।

खुश रहो गुणगोबर, क्या हाल-चाल है? आजकल ना तो दिखाई देते हो, और ना ही सुनाई पड़ते हो, क्या बात है? और तोहरे चेहरा पर ई खुशी टपक रही है, एकर का राज है?

अरे बात-वात कुछो ना है, चच्चा? जब से पिछला पंचायत चुनाव हारा हूं, तबसे खलिहरे चल रहा था, तो सोचा कि समाजसेवा में और आगे बढ़ने के लिए कुछो अऊर टरेनिंग-वरेनिंग ले ली जाए। ऊ का है ना कि लोकसभा और विधानसभा से एके साथ टॉस हारने के बाद अपने घोटालाराज भईया भालू परसाद जी ने एक नया टरेनिंग इस्कूल खोला है, समाजसेवा में कैरियर बनाने वालों के लिए। ई टरेनिंग स्कूल की सबसे बड़ी खासियत है कि ई फुल्ल प्लेसमेंट की गारंटी देता है, एहीसे उहां प्रवेश पाने के लिए बहुते भीड़ लगी हुई है लेकिन हमने थोड़ी तिकड़मबाजी के द्वारा एगो सीट अपने लिए बुक करा लिया है।

अच्छा, कईसे मिला ई सीटवा तोहे?

अब आपसे का छुपाना रामलुभाया चच्चा । भालूए जी के पारटी के एगो समाजसेवक जी को पटाया तब जाके एडमिशन मिला है। उ समाजसेवक जी हमरे फुलेना मामा के जो गेंदा चाचा हैं ना, उनके छोटका सार के लंगोटिया ईयार हैं, त उन्ही का माध्यम से अपनी पहुंच बनी। बहुते बढ़िया आदमी हैं समाजसेवक जी। उ त पचास हजार से कम में किसी का काम नहीं करते हैं, बाकि फुलेना मामा के गेंदा चाचा के छोटका सार के लंगोटिया ईयार होने के कारण हमार काम आधा लेकर ही कर दिया।

एडमिशन पावे खातिर बहुते बधाई गुणगोबर भतीजा!!

धन्यवाद चच्चा ।

अच्छा ई बताव कि एह कोर्स करने से फायदा का है, और ई केतना महीना का कोर्स है?

“Pre-School Diploma In Corruption Management (PSDCM)” नामक ई कोर्स छः महीना का है, जिसे पढ़ाने के लिए देश-विदेश के विभिन्न भ्रष्टाचार पारंगतों को मोटी फीस देकर बुलाया जा रहा है। बाकिर भालू प्रसाद जी त खुदे अपने-आप में "भ्रष्टाचार शिरोमणि" हैं। उनका चेला होने के कारण बढ़िया पैकेज के साथ कवनो ना कवनो कंपनी या संगठन में काम मिलिए जाएगा। "सत्यम" वाला के साथे और भी कुछ खास-खास पिराइवेट कंपनिया त अभिए से हमारे टरेनिंग इस्कूलिया में आने लगा है। सरकारी संस्थान भी हमरे इहां के टॉपरों को अपरेंटिंस कराने के लिए राजी हो गए हैं। चच्चा ढेर नाहीं बोलुंगा, बस एतना समझ लीजिए कि कोर्स करते-करते हमहुं टॉप कलसिया भ्रष्टाचारी बनिए जाएंगे। भविष्य बहुत उज्ज्वल है, चच्चा !!

[चित्र गूगल महाराज की कृपा से]

बुधवार, 2 सितंबर 2009

ईश्वर के नाम एक शिशु का पत्र....


एक बच्चे को किसी कार्यवश पचास रुपए की जरुरत थी. यह राशि उसने अपने माता-पिता से लेकर बड़े भाई-बहनों से भी माँगी किंतु सबने उसे कोई ना कोई बहाना बनाकर देने से मना कर दिया. इस तरह जब काफी दिन बीत गए तब उसने सोचा कि क्यों ना सीधे भगवान्‌ से ही रुपयों के लिए प्रार्थना की जाए. ऐसा निर्णय कर उसने भगवान्‌ के नाम एक पत्र लिखा और उसे पोस्टबॉक्स में डाल दिया. जब "सेवा में, भगवान् जी‌, भारत" नामक पता लिखा हुआ वह पत्र डाकविभाग के कर्मचारियों को मिला, तो उन्होंने यह सोचा कि क्यों ना यह पत्र "भारत के राष्ट्रपति" को मजाक के रूप में अग्रेषित (फॉरवार्ड) कर दिया जाए. जब यह पत्र राष्ट्रपति जी को मिला तो पहले तो खूब हँसी, फिर उन्होने अपने सचिव को आदेश दिया कि पत्र लिखने वाले उस बालक को बीस रुपए भेज दिया जाए. पचास की जगह बीस रुपए भेजने के पीछे उनका उद्देश्य यह था कि वह बच्चा बहुत छोटा है, और इतने ज्यादा पैसे भेजने से लड़के की आदतें खराब हो सकती हैं. खैर, जब बालक को बीस रुपए मिले तो वह काफी खुश हुआ, और उसने निर्णय किया कि भगवान्‌ जी के द्वारा पैसे दिए जाने के कारण एक धन्यवादात्मक पत्र भेज देना चाहिए. उस बालक ने जो पत्र भगवान्‌ जी को भेजा, उसे ज्यों का त्यों आप खुद ही पढ़ लें-

"प्रिय भगवान्‌ जी,
पैसा भेजने हेतु आपको बहुत-बहुत धन्यवाद. हालांकि, ध्यातव्य है कि आपने यह पैसा राष्ट्रपति भवन के माध्यम से भेजा है, किंतु उन बेवकूफों ने आपके भेजे गए पैसे में से तीस रुपए टैक्स के रूप में काट लिया है. खैर.....
आपका हीं..."

=======================
[एक मित्र द्वारा प्रेषित मेल का हिंदी भावानुवाद..चित्र स्वनिर्मित है...]